मुजफ्फरनगर । शाहपुर क्षेत्र के धनायन-मुबारिकपुर मार्ग पर गन्ने से लदा ट्रैक्टर ट्रॉला हाईटेंशन बिजली लाइन से टकराने से करंट की चपेट में आने से ट्रॉला मालिक राजू (35) और चालक अजय (25) की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए शव रखकर धरना शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार मुबारिकपुर गांव के तौल केंद्र से ट्रॉले में गन्ना लादकर चांदपुर गांव निवासी राजू और अजय अपने साथी सूरज के साथ मंसूरपुर चीनी मिल जा रहे थे। देर रात धनायन के पास सूरज ट्रैक्टर से नीचे उतरकर लाइट दिखाने लगा। इसी दौरान उसमें लदा गन्ना हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और ट्रैक्टर सवार दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए। ट्रैक्टर में आग लग गई। दोनों युवकों की झुलसकर वहीं मौत हो गई। बदहवास सूरज ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। आसपास के गांव से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस, ऊर्जा निगम और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। उग्र ग्रामीणों ने शवों को वहीं रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम और सीओ भी जाम की सूचना पर वहां पहुंच गए।


