
मुजफ्फरनगर। युवा पीढ़ी को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत, कला एवं संस्कृति के विभिन्न रूपों से अवगत कराने में संलग्न संस्था स्थिक मैके (सोसायटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंग्स्ट यूथ) द्वारा आज वाद्य यंत्र सितार का अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवीन मंडी स्थित ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल (सीनियर विंग) का प्रांगण सितार के मधुर वादन ने संगीतमय बना दिया। इटावा धराने के आठवीं पीढ़ी के युवा संगीतकार एवं उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित कलाकार – शाकिर खान ने प्रात: काल के राग गुजरी तोड़ी से कार्यक्रम की शुरुआत की। तीन ताल में निबद्ध रचनामें आलाप, जोड़ व झाला के साथ सभी को मंत्रमुग्ध व सुरमय कर दिया। उसके पश्चात उन्होंने एक ताल में निबद्ध मिश्र खमाज राग में अत्यन्त मधुर धुन प्रस्तुत की। तबले पर संगत श्री ऋषिकेश जगताप व तानपुरा पर सिद्धे पुखत ने बखूबी साथ निभाया।
कार्यक्रम का प्रारम्भ औपचारिक रूप से प्रबंध समिति के सदस्यों श्री महेश गर्ग, डॉ अशोक कुमार, स्कूल डायरेक्टर डॉ एम. के. गुप्ता, प्रधानाचार्य श्री आजादवीर, श्री आशीष त्यागी द्वारा किया गया। श्रीमती शशि, श्रीमती रेनू, श्रीमती मीनू आदि ने कलाकारों को भेट प्रदान की। कार्यक्रम में मौजूद स्पिक मैके के राष्ट्रीय चेयरपर्सन श्री आर. एम. तिवारी ने कहा कि औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ स्कूल कॉलेजों में ऐसे कार्यक्रमों का होना अत्यंत आवश्यक है, तभी हमारी भावी पीढ़ी इस अनमोल धरोहर को समझ पायेगी और संजोकर रख पायेगी। नई शिक्षा नीति में भी ऐसी गतिविधियों को शामिल करने पर जोर दिया गया है। स्पिक मैके साल भर इसी तरह के लगभग 5000 कार्यक्रम देश विदेश में आयोजित कराता है।
कार्यक्रम में ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल (जूनियर विंग) की इंचार्ज ममता चौहान, डॉ मृदुला मित्तल, कंचन सोनी, नीति मित्तल, राहुल सेन, तीरथ राठी, आर्यन त्यागी, विशु, यशी, अंशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन हर्षिता मिश्रा व निशा द्वारा किया गया।


