सहारनपुर । शिवालिक की पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश के चलते बिहारीगढ़ क्षेत्र की सोलानी नदी में रविवार को अचानक पानी का तेज उफान देखने को मिला। नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत थापुल इस्माइलपुर के अंतर्गत खेतों में गए चार युवक अचानक सोलानी नदी में बढ़े पानी के बीच फंस गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि युवकों के लिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया। बताया गया कि चारों युवक एक बोगी के ऊपर खड़े होकर अपनी जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं और । फिलहाल बोगी ही उनका सहारा बनी हुई है।
नदी में पानी का बहाव लगातार तेज होने के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भी हलचल मच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर फंसे युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने की मांग की है।
बारिश के कारण सोलानी नदी के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य बरसाती नदी-नालों में भी पानी का स्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी और नालों के आसपास जाने से बचने तथा विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

