मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का गहनता से जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया कक्षा-9 स्थित हड्डी रोग विभाग पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों को देखा तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया। मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उचित उपचार एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ओपीडी में साफ-सफाई, पंजीकरण व्यवस्था एवं दवा वितरण प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती कुपोषित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं पोषण सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण आहार एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही बच्चों की माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ई-संजीवनी मेडिकल सेवा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मरीजों को ई-संजीवनी सेवा का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह सुलभ हो रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी बन रही हैं।