सहारनपुर। बड़गांव थाना क्षेत्र के नयागांव में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान बेटे को बचाने पहुंची 48 वर्षीय महिला की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में महिला के जेठ रमेश और जेठ का बेटा अमरीश भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतका के जेठ की तहरीर पर एक महिला समेत आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार नयागांव निवासी संदीप और आशा कार्यकर्ता रूमा पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और वे विनोद उर्फ कल्लू के घर में घुस गए। यहां विनोद के बेटे अंकुर ने विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने अंकुर पर हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए उसकी मां अनिता, ताऊ रमेश और तहेरे भाई अमरीश पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया।घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अनिता को मृत घोषित कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट बताई गई है।। घटना की सूचना पर सीओ देवबंद अमित सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम करीब चार बजे शव घर पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब ढाई घंटे बाद शाम साढ़े छह बजे अंतिम संस्कार किया गया।रमेश की तहरीर पर राजवीर, उसकी पत्नी मुन्नी, संदीप, सचिन, अंकित, आशु, विकास और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका पक्ष के लोग शनिवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में डटे रहे। परिजनों ने आशंका जताई कि सचिन, अंकित, आशु और विकास के पासपोर्ट बने हैं और वे विदेश भाग सकते हैं। उन्होंने पासपोर्ट जब्त कर आरोपियों को विदेश जाने से रोकने की मांग की।

