सहारनपुर । शहर की देहात कोतवाली स्थित दानिश कॉलोनी के अदनान हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनस और उसके साथी समीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हिरासत में लेने के बाद की गई पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अनस ने अदनान के पेट और पीठ पर चाकू से तीन वार किए थे, जबकि समीर ने रॉड से हमला किया था। अदनान के दोस्त निजाम की भी आरोपियों ने पिटाई की थी। इस मामले में तीन आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
देहात कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि अनस और समीर को गिरफ्तार कर चाकू, रॉड और साइकिल के पहिए में लगने वाली चकरी बरामद की है। आरोपियों ने पतंग का मांझा लिपटने पर हुए विवाद में अदनान की हत्या करना स्वीकार किया है। इस मामले में अनस का सगा भाई और समीर के दो सगे भाई फरार चल रहे हैं। दानिश कॉलोनी निवासी अदनान शुक्रवार दोपहर कॉलोनी में घूम रहा था। पतंग का मांझा लिपटने पर कॉलोनी में रहने वाले अनस और उसके साथी इरशाद के साथ विवाद हो गया था। तब मामला निपट गया था। देर रात अदनान अपने दोस्त निजाम के साथ जूस पीने जा रहा था। इसी दौरान अनस, उसके भाई चांद, उनके साथी सगे भाई समीर, शमील, इरशाद ने अदनान और निजाम को घेर लिया था। चाकू और रॉड से हमला कर अदनान की हत्या कर दी थी। मृतक की मां सायरा ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

