नई दिल्ली। संसद भवन में घुसने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में उनके आधार कार्ड पर सीआईएसएफ को शक हुआ और जांच में तीनों लोगों के आईडी फर्जी पाए गए। इसके बाद सीआईएसएफ ने तीनों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार तीनों व्यक्तियों को ‘डीवी प्रोजेक्ट्स लिमिटिड’ ने संसद भवन परिसर के अंदर एमपी लॉन्ज के निर्माण के लिए काम पर रखा था। तीनों मजदूरी करते थे। कासिम नाम के व्यक्ति के पास उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले मोनिस का आधार कार्ड मिला। दूसरे मजदूर मोनिस ने भी बिल्कुल वही पहचान पत्र दिखाया। पकड़े गए तीसरे व्यक्ति शोएब के पहचान पत्र पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ का निवासी बताया गया है। दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि तीनों ने कैजुअल एंट्री पास पर संसद परिसर में प्रवेश पाने की कोशिश करते समय पहचान पत्र दिखाया था। मोनिस और कासिम के आधार कार्ड पर अलग-अलग फोटो के साथ एक ही नंबर दिख रहा है। ये कार्ड जाली प्रतीत होते हैं। शोएब के आधार कार्ड की जांच की जा रही है।

