मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के बी0बी0ए0 प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा तथा सभी विद्यार्थी अच्छे अंको से उत्तीर्ण हुए। मॉ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा घोषित बीबीए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा परिणाम में सजन कुमार ने सबसे अधिक 79.1 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैशाली पांचाल नेे 78.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया व देवांश वर्मा व नितिन कुमार ने 78.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सजन कुमार ने अपनी सफलता पर ईश्वर को धन्यवाद देते हुए कहा कि सफलता का श्रेय गुरूजनों एवं माता-पिता को जाता है। उन्होंने कहा कि गुरूजनों द्वारा दिये गये मार्ग दर्शन एवं ज्ञान के फलस्वरूप जीवन में यह स्वर्णिम दिन आया है। वहीं उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा समय-समय पर दिये गये टिप्स परीक्षा में मद्दगार साबित हुए है तथा माता-पिता का सहयोग एवं प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है।
द्वितीय स्थान पर रहे वैशाली पांचाल ने कहा कि उन्हें महाविद्यालय के अनुशासन और प्रवक्ताओं द्वारा दिये गये टिप्स और महाविद्यालय के शैक्षिक वातावरण के फलस्वरूप ही यह सफलता प्राप्त हुई है।
तृतीय स्थान पर रहे देवांश वर्मा व नितिन कुमार ने कहा कि पुस्तकालय में सभी विषयों पर अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिन्होंने हमें अध्ययन में बहुत मद्द की। सभी ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मेहनत, लगन तथा महाविद्यालय के अच्छे वातावरण को दिया।
इस अवसर पर श्रीराम ग्रुप आफ कालिजेज, मुजफ्फरनगर के चैयरमैन डा0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ ने बीबीए के सभी विद्यार्थियों की सफलता पर बधाई दी तथा कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है तथा महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहे है। उन्होनें सभी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें आगे भी अपने जीवन में इसी प्रकार की सफलतायें अर्जित करते हुये अपने कॉलेज और अपने माता-पिता का नाम रोशन करते रहना चाहिये।
इस अवसर पर प्रबंधन खंड के डीन डॉ0 सौरभ मित्तल ने भी अध्यापकों को उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को मिली सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विभाग में विद्यार्थियों की सफलता एवं उज्जवल भविष्य अध्यापकों पर निर्भर करता है।
इस अवसर पर बीबीए विभाग के विभागाध्यक्ष विवेक कुमार त्यागी ने विभाग के सभी अध्यापकों की मेहनत से पिरोये हुये परीक्षाफल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग में पिछले सालों से भी ज्यादा सेमिनार तथा विशेषज्ञों के आयोजन का फल आज हमारे छात्रों के बेहतर प्रदर्शन के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होनें विद्यार्थियों से आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी अपने में बेहतर मैनेजर के गुण विकसित कर भविष्य में देश और समाज निर्माण में अपनी सेवाएँ प्रदान करेगें।
इस अवसर पर विभाग के प्रवक्ताओ हिमांशु वर्मा, अंकुश रावल, सागर शुक्ला, निशी ठाकुर, निवेदिता पाण्डेय, शिवानी शर्मा, मुद्रा मित्तल, जतिन सिंघल, ममता मित्तल और विकास कुमार ने छात्रों को बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


