मुजफ्फरनगर। फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स में गणेश महोत्सव के मौके पर श्री गणेश जी की मूर्ति बनाने और सजाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में फाइन आर्ट्स के छात्रों को अपनी कला और रचनात्मकता दिखाने का मौका मिला। छात्रों ने अपनी पसंद और कल्पना के हिसाब से भगवान श्री गणेश की मूर्तियां बनाईं और उन्हें बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया।
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि छात्रों ने मूर्तियों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने का भी ध्यान रखा। मूर्तियों के विसर्जन के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए छात्रों ने अपने-अपने घरों में कुंड बनाकर मूर्तियों का विसर्जन किया।
छात्रों द्वारा बनाई गई मूर्तियों और उनकी सजावट को देखकर जजेज भी काफी प्रभावित हुए। प्रतियोगिता की जज डॉ. पूजा तोमर, डीन बेसिक साइंस और सोफिया अंसारी, सहायक अध्यापिका होमसाइंस रहीं। उन्होंने कहा कि सभी छात्रों ने बहुत मेहनत और शानदार रचनात्मकता दिखाई है, इसलिए विजेताओं का चयन करना आसान नहीं था।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शिवानी, द्वितीय पुरस्कार अवनि जैन और तृतीय पुरस्कार निधि अग्रवाल को मिला। वहीं सांत्वना पुरस्कार संदीप, शिवानी, जानवी सैनी, भूमिका, अंशु शर्मा, वैशाली और जिया जैन को दिया गया।
इस मौके पर डायरेक्टर फाइन आर्ट्स डॉ. मनोज धीमान ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि छात्रों को अपनी संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का मौका भी है। उन्होंने कहा कि आज के तेजी से बदलते समय में पढ़ाई के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझना और आगे बढ़ाना भी जरूरी है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का काम किया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मीनाक्षी काकरान, विभागाध्यक्षा, फाइन आर्ट्स, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनु, बिन्नू पुंडीर, रजनीकांत, रीना त्यागी, मयंक सैनी और मुक्ता सैनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


