Skip to main content

TR NEWS UP-UK

श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से जन्म-जन्मान्तरों के पापों का प्रक्षालन होता है: शान्तनु महाराज

कथा से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ कमाया

मुजफ्फरनगर। रेशू विहार रेलवे फाटक के समीप रेशू परिवार की ओर ओर से रेशू प्रांगण में आज से अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन प्रारम्भ हो गया है। श्रीमद् भागवत कथा दिनांक 20 नवम्बर तक अपरान्ह 3 बजे से सायं 6 बजे तक प्रतिदिन होगी, जिसमें कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज के श्रीमुख से कथा श्रवण के लिये आज पहले दिन भारी संख्या में श्रद्धालू रेशू प्रांगण में पहुंचे। इससे पूर्व प्रात: के समय भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बडी संख्या में श्रद्धालू महिलाओं और पुरूषों ने पहुंचकर धर्मलाभ कमाया।

 

कलश यात्रा के दौरान भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम शुकतीर्थ से स्वामी ओमानन्द जी महाराज, कन्वआश्रम कोटद्वार के विश्वपाल जयंत महाराज, ब्रह्माकुमारी परिवार की बबीता जी, नगरपालिका परिषद् की चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, सभासद अमित पटपटिया समेत भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा सभी श्रद्धालुओं ने रेशू परिवार को अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन के लिये शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर स्वामी ओमानन्द जी महाराज ने कहा कि मौजूदा समय में अपने कारोबार या अन्य किसी भी प्रकार की समस्याओं को लेकर प्रत्येक व्यक्ति चिंतित रहता है, यहां तक कि कभी-कभी वह डिप्रेशन में भी पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि इससे मुक्ति के लिये समय-समय पर श्रीमद् भागवत कथा, श्रीराम कथा और शिव पुराण आदि की कथाओं को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए, जिससे जहां तनाव से मुक्ति मिलेगी, वही कार्य करने में मन भी लगेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मन विचलित होगा, न तो लक्ष्मी जी आयेंगी और न ही समृद्धि मिलेगी, इसके साथ ही जब मन एकाग्रचित होगा-शांत होगा, तब जीवन के सारे सुख अपने आप मिलते चले जायेंगे।

 

इसके पश्चात रेशू प्रांगण में अपरान्ह 3 बजे से सायं 6 बजे तक अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्री शान्तनु जी महाराज के श्रीमुख से किया गया। भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराते हुए श्री शान्तनु जी महाराज ने सर्वप्रथम श्रीमद् भागवत कथा के महात्म्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से भक्ति, ज्ञान, वैराग्य पुष्ठ होते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का मुख्य संदेश भगवान श्रीकृष्ण के प्रति नि:स्वार्थ और अनन्य प्रेम (भक्ति) जगाना है। कथा के दौरान ऐसा भाव जागता है कि भक्त का हृदय स्वयं भगवान का निवास बन जाता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में ईश्वर की प्राप्ति और आत्मिक शांति के लिए श्रीमद्भागवत का 7-दिवसीय (सप्ताह) श्रवण सबसे श्रेष्ठ और प्रत्यक्ष साधन माना गया है। कथा के श्रवण और मनन से अंत:करण (हृदय) शुद्ध होता है, मानसिक शांति मिलती है और जन्म जन्मान्तर के पापों का प्रक्षालन हो जाता है। यह कथा मनुष्य के जन्म-मरण के चक्र और मृत्यु के भय को नष्ट करने वाली है। महाराज श्री ने कहा कि महाराज परीक्षित को जब सातवें दिन तक्षक नाग के काटने से मृत्यु का भय सता रहा था, तब शुकदेव जी ने उन्हें भागवत कथा सुनाई, जिससे वे भयमुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त हुए। कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने बताया कि पद्मपुराण और अन्य ग्रंथों के अनुसार कलियुग के प्रभाव से जब ‘भक्तिÓ देवी कमजोर हो गई थीं और उनके दोनों पुत्र ज्ञान और वैराग्य वृंदावन में वृद्ध एवं अचेत अवस्था में थे, तब श्रीमद्भागवत कथा (सप्ताह श्रवण) के प्रभाव से वे पुन: युवा और चैतन्य हो उठे।

 

इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिये भोजन प्रसाद की समुचित व्यवस्था के साथ ही वाहनों की पार्किंग, शुद्ध पेयजल, जूतों के रखरखाव और शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था की गई थी। रेशू परिवार ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनके उचित स्थान पर बैठने की व्यवस्था की।

 

इस अवसर पर पालिका चैयरमैन मिनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व पालिका चैयरमैन अंजू अग्रवाल, डाॅ. संजीव बालियान जी के पिता जी सुरेंद्र पाल सिंह , करूणा आश्रम कोटद्वार के पीठाधीश्वर विश्वपाल जंयत, शुकतीर्थ के पीठाधीश्वर ओमानन्द ब्रहमचारी, कुंवर देवराज पंवार, सत्यप्रकाश रेशू आदि समेत हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *