मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा मेला के दृष्टिगत भैंसा-बुग्गी की अवैध रेस पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, सघन चेकिंग के दौरान नुकीली आर एवं अवैध असलहे बरामद कर एक अभियुक्त गिरफ्तार किया है।
अवगत कराना है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराए जाने तथा भैंसा-बुग्गी की अवैध रेस पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार राय के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक के निकट पर्यवेक्षण में जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मोरना–शुक्रताल एवं मोरना–बिहारगढ़ मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग एवं सतर्क निगरानी की जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस द्वारा भैंसा-बुग्गी चालकों के कब्जे से लगभग दो दर्जन लोहे की नुकीली छड़ें (आर) बरामद की गई हैं। इसके अतिरिक्त चेकिंग के दौरान अवैध अस्लाह भी बरामद किए गए हैं तथा अवैध असलहों एवं अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा सभी भैंसा-बुग्गी चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि किसी भी दशा में भैंसा-बुग्गी की रेस न करें और न ही इसमें प्रतिभाग करें। अवैध रेस में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा रेस में प्रयुक्त भैंसा बुग्गियों को भी नियमानुसार जब्त किया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान अभियुक्त सोहित पुत्र मुकेश निवासी ग्राम घटायन, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया है जिसके कब्जे से एक अदद पिस्टल .32 बोर मय 03 अदद जिंदा कारतूस बरामद किये गये है। थाना भोपा पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध रेस एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


