मुज़फ्फरनगर। ज़िला कार्यालय पर शिवसेना पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक ज़िला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नुमाइश मैदान में चल रहे ट्रेड फेयर (नुमाइश मेला) की व्यवस्थाओं को लेकर गहरी नाराज़गी व्यक्त की गई।
बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि शिवसेना द्वारा कई बार प्रशासन को मेले की कमियों, असुरक्षित ढाँचों, अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण और अवैध वसूली की शिकायतों से अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि यह मेला 7 नवंबर 2025 को समाप्त होना तय था, किंतु जानकारी मिल रही है कि इसे आगे बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि मेले की अवधि बढ़ाई गई तो शिवसेना इसका कड़ा विरोध करेगी। मेला क्षेत्र में रोज़ाना देर रात तक लाउडस्पीकर बजने से आसपास के आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है। साथ ही पास के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। जनवरी माह में परीक्षाएँ प्रस्तावित हैं, ऐसे में यह ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
शिवसेना पदाधिकारियों ने एकस्वर में कहा कि प्रशासन को जनहित को ध्यान में रखते हुए मेला समय पर समाप्त कराना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मेले की अवधि आगे बढ़ाई गई तो शिवसेना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
बैठक में ज़िला प्रभारी आनंद प्रकाश गोयल, देवेंद्र चौहान, सूरज शेट्टी, विनीत कुमार, भुवन मिश्रा, चेतन देव विश्वकर्मा, अरुण कुमार, श्यामवीर, अमित कुमार, शुभम वाल्मीकि, दिनेश कुमार, बलिंदर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


