मुजफ्फरनगर। शारदेन स्कूल में आज 2 अक्टूबर के पावन अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर श्री विश्व रतन जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती धारा रतन द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित करके किया गया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, मनमोहक नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम एवं शांति के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के आदर्शों को याद किया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री विश्व रतन जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती धारा रतन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बच्चों को सत्य बोलने, अहिंसा का मार्ग अपनाने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, श्रद्धा एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के महान नेताओं के जीवन-मूल्यों को समझने तथा उनका अनुसरण करने की प्रेरणा मिली।


