मुजफ्फरनगर। एस डी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककराला जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा में दिनांक 16 से 20 अक्टूबर 2024 तक सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में देश विदेश के अनेक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। शारदेन स्कूल मुज़फ़्फ़रनगर से विश्वजीत चौधरी, कक्षा 12 के विद्यार्थी ने नार्थ जॉन 1 के अंतर्गत इस प्रतियोगिता में भाग लिया और फाइनल में अपने प्रतिद्विंदी को हराकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।इस प्रतियोगिता में आस पास के कई जिलों में से शारदेन स्कूल ही एक ऐसा स्कूल था जिसने मुजफ्फरनगर जिले से इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। शारदेन स्कूल के होनहार छात्र पिछले कई सालों से इस प्रकार की प्रतिष्ठित बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते रहे हैं तथा मेडल जीतकर अपने विद्यालय तथा ज़िले का नाम रोशन करते रहे हैं ।बॉक्सिंग कोच मि. गौरव सांगवान ने विश्वजीत को कठिन परिश्रम कराकर इस प्रतियोगिता में मेडल प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करके जीत हासिल कराई। विश्वजीत चौधरी की इस सफलता पर उनके पिता श्री हरेन्द्र चौधरी तथा समस्त शारदेन परिवार अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
इस प्रतियोगिता के लिए स्कूल के प्रबंधक श्री विश्व रतन जी एवं प्रधानाचार्य श्रीमती धारा रतन जी का विद्यार्थी एवं बॉक्सिंग कोच को पूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने भविष्य में ऐसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए विश्वजीत को प्रोत्साहित किया और कठिन परिश्रम के साथ निरंतर अपने जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।


