मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के समीप हरियाणा से हरिद्वार जा रही हुंडई ऑरा कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलटने और आग लगने की घटना में मरने वालों की पहचान हो गई है। कार में सवार हरियाणा के छह लोगों की आग में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई समेत छह युवक शामिल हैं। सभी हरिद्वार जा रहे थे।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गाड़ी में सीएनजी लगी थी। जैसे ही तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई तभी वाहन पलटकर सड़क से दूसरी तरफ चला गया। इसी दौरान कार में आग लग गई और कार सवारों की जलकर मौत हो गई। सभी युवक परिवार से चोरी छिपे हांसी से हरिद्वार के लिए निकले थे। समझा जा रहा है कि तेज गति के कारण असंतुलित होकर कार डिवाइडर से टकराई। बताया गया कि राहुल और अंकित पुत्र समुन्द्र सगे भाई थे। साहिल पुत्र सोमकुमार कार चला रहा था। वह गुरुग्राम में एक निजी कंपनी के लिए किराये पर गाड़ी चलाने का काम करता था। देर रात सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कार में लगी भीषण आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस और बचाव दल ने कार के क्षतिग्रस्त ढांचे से शवों को बाहर निकाला। तब तक सभी शव बुरी तरह झुलस चुके थे।
मृतकों में शामिल युवक
1. अजय पुत्र शमशेर (22 वर्ष) निवासी ग्राम मोठसिंह।
2. अमन पुत्र रामफल (19 वर्ष) निवासी ग्राम मोठसिंह।
3. अंकित पुत्र राजेश (23 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
4. राहुल पुत्र समुन्द्र (21 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
5. अंकित पुत्र समुन्द्र (19 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
6. साहिल पुत्र सोमकुमार (22 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग हरिद्वार की ओर जा रहे थे। रास्ते में मुजफ्फरनगर के जागाहेड़ी के पास यह भयावह दुर्घटना हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना देने और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की गई। हादसे की सूचना पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान थाना तितावी पहुंचे। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।


