Taja Report

शामली में ई-रिक्शा चालक के मकान में 600 वोटर दर्ज

शामली। एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के बाद एक और चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल स्थित मात्र 150 गज के एक मकान में 600 से अधिक मतदाताओं का निवास दर्शा दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि इस मकान में महिलाओं और बच्चों समेत विभिन्न परिवारों और यहां तक कि पड़ोसियों व दूसरे समुदाय के लोगों के नाम भी दर्ज कर दिए गए हैं।

यह मकान ई-रिक्शा चालक नौशाद का है, जो मकान संख्या 8/8/75 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। एसआईआर के बाद सामने आया कि इस पते पर करीब 600 वोटरों का पंजीकरण कर दिया गया है, जबकि वास्तव में यहां केवल 19 पारिवारिक सदस्य निवास करते हैं। कांग्रेस के जिला कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में मीडिया प्रभारी सन्नी व अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा की गई जांच में यह गंभीर गड़बड़ी सामने आई। जांच के दौरान मतदाता सूची में दर्ज मकान संख्या और वास्तविक स्थिति में भारी अंतर पाया गया। नौशाद का यह मकान चार कमरों का है, जिसमें उनके पिता इसराइल, भाई शहजाद, मुरसलीन, पत्नियां रेशमा, नाजमा, मुशर्रत समेत कुल 19 लोग रहते हैं। इसके बावजूद मतदाता सूची में नियाजुद्दीन, साफिया, हबीब, साजिदा सहित कई अन्य नाम दर्ज हैं, वहीं धनश्याम, राधेश्याम जैसे दूसरे समुदाय के लोगों को भी इसी मकान में निवासरत दिखाया गया है। नौशाद ने बताया कि उन्हें इस गड़बड़ी की जानकारी हाल ही में हुई है। हमें नहीं पता कि हमारे मकान में इतने वोटर कैसे दर्ज हो गए। इससे हमें परेशानी हो रही है। जल्द ही जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगे।

मोहल्ला खेल निवासी याकूब की पत्नी शहनाज ने बताया कि उनका मकान नंबर भी 8/8/75 दर्शा दिया गया है। वहीं दिलशाद की पत्नी इसराना ने कहा कि गलत मकान नंबर के कारण उन्हें लगातार बीएलओ और अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कांधला क्षेत्र के गंगेरु गांव में कई मतदाताओं के मकान नंबर की जगह मोबाइल नंबर दर्ज पाए गए हैं। गांव निवासी हारिस ने बताया कि उनका मकान नंबर 473 है, लेकिन एसआईआर के बाद सूची में मकान नंबर के स्थान पर मोबाइल नंबर दर्ज हो गया। अब वह इसे सही कराने के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। इसी तरह इमरान और मनीष के पते में भी मकान नंबर की जगह मोबाइल नंबर दर्ज हैं। मतदाता सूची में इससे भी अधिक चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। कांधला देहात की नई बस्ती में मकान संख्या 00 पर 145 वोटर एक साथ रहना दर्शाए गए हैं। रामनगर मजरा में मकान संख्या 0 पर 70 वोटर दर्ज हैं। शामली शहर में भी लगभग 120 वोटरों को 00 नंबर मकान में निवासरत दिखाया गया है। इन मामलों में एक ही मकान में अलग-अलग परिवारों के साथ-साथ हिंदू और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं को भी एक साथ रहना दर्शाया गया है। कांधला में मकान संख्या 00 में फैमिदा, नूरजहां के साथ-साथ राधेश्याम जैसे दूसरे समुदाय के मतदाता भी दर्ज पाए गए हैं।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *