Skip to main content

TR NEWS UP-UK

विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख से अधिक की ठगी का आरोप

मुजफ्फरनगर। विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख से अधिक की ठगी की शिकायत पुलिस से की गई है।

ग्राम बघरा, थाना तितावी, जनपद मुजफ्फरनगर के दो परिवारों ने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखित शिकायत भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं। छम्मन खाँ व मोहम्मद नसीम के अनुसार, गांव के ही इंतजार सैफी व उसका रिश्तेदार इमरान सैफी (कस्बा बुढाना) ने उनके पुत्रों उमर खाँ व अजीम सैफी को थाईलैंड में कंप्यूटर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। 800 डॉलर प्रतिमाह वेतन का लालच देकर पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 15,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए, फिर किस्तों में कुल लगभग 15,10,000 रुपये वसूल लिए गए। आरोप है कि युवकों को पहले टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया। टिकट में गड़बड़ी के बाद दोबारा थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक भेजा गया। वहां से उन्हें कथित रूप से सीमा पार ले जाकर म्यांमार के एक स्कैम सेंटर (के.के. पार्क क्षेत्र) में बंधक बनाकर रखा गया। परिजनों का कहना है कि वहां हथियारबंद विदेशी लोगों ने युवकों के साथ मारपीट की, एक युवक के पैर का लिगामेंट तक तोड़ दिया गया। बाद में फोन पर बताया गया कि उन्हें मोटी रकम लेकर “बेच” दिया गया है और भारत लौटने के लिए और पैसे देने होंगे। बेटे की जान बचाने के लिए परिजनों ने आरोपियों को अतिरिक्त 12 लाख 50 हजार रुपये की मांग पर करीब 15 लाख रुपये और दे दिए। लेनदेन के ऑनलाइन रिकॉर्ड, वीडियो व मेडिकल कागजात होने का दावा किया गया है। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई करने पर फर्जी मुकदमे व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को निर्देश देकर आरोपियों इंतजार सैफी व इमरान सैफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। यह मामला मानव तस्करी व अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। एस एस पी  मुज़फ्फरनगर को लिखित शिकायती पत्र दे दिया गया है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *