मुजफ्फरनगर। टाउन हाल मैदान वाहन पार्किंग में निर्धारित से अधिक शुल्क वसूली के पकडे गए खेल के बाद ईओ ने पालिका की सभी वाहन पार्किंगों पर जांच बैठा दी है। घोटाला पकडने के बाद ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने कर अधीक्षक नरेश शिवालिया को जांच करने के निर्देश दिए हैं । शहर की वाहन पार्किंगों में अवैध वसूली को लेकर बड़ा खेल हो रहा है। नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने स्वयं टाउन हाल मैदान वाहन पार्किंग में इस खेल को पकड़ा है। यहां पर निर्धारित शुल्क के स्थान पर वाहन स्वामियों से अधिक धनराशि वसूली जा रही है। इस तरह की ईओ ने पर्ची पकड़ी है। वाहन पार्किंग में कार खड़ा करने के लिए 30 रुपए शुल्क निर्धारित है, लेकिन 70 रुपए की पर्ची काट कर अवैध वसूली की जा रही है। ईओ ने पर्ची और रसीद बुक को जब्त कर लिया था। ईओ ने पालिका की सभी वाहन पार्किंग की जांच करने के निर्देश टीएस नरेश शिवालिया को दिए हैं। उन्होंने कहा कि वाहन पार्किंग में निर्धारित शुल्क के सापेक्ष अधिक वसूली करने पर कार्रवाई होगी। वहीं पार्किंग में लगे शुल्क बोर्ड की भी जांच पडताल की जाएगी। ईओ ने इस मामले में टीएस से शीघ्र रिपोर्ट मांगी है।


