
देहरादून । बहादुरगढ़ के रुहील रेजिडेंसी में लिव इन रिलेशन में रह रहे उत्तराखंड के प्रेमी युगल ने छठी मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली है। मृतक यूट्यूब पर अपना चैनल चलाते थे और उसके लिए शॉर्ट फिल्में भी बनाते थे। बताया जाता है एक महीने पहले ही दोनों अपनी टीम के साथ देहरादून से बहादुरगढ़ गये थे और रूहिल रेजिडेंसी की छठी मंजिल पर फ्लैट नम्बर 701 किराए पर लेकर रह रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान 25 वर्षीय गर्वित और 22 साल की नंदिनी के तौर पर की। बताया गया है कि देर रात शूट के बाद घर आने पर दोनों के बीच बहस हुई। जिसके बाद दोनों बिल्डिंग से कूद गये। शनिवार सुबह छह बजे बहस के बाद सातवीं मंजिल की बालकनी से गर्वित ने पहले नंदिनी को फेंक दिया और फिर खुद भी कूद गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। युवक गर्वित सिंह उर्फ गैरी (25) देहरादून के दून एन्कलेव और युवती नंदिनी कश्यप (25) रायपुर रोड स्थित शांति विहार की रहने वाली थी। दोनों काफी समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इन दिनों बहादुरगढ़ में शार्ट फिल्म बनाने के लिए टीम के साथ महीने भर से ठहरे हुए थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद शवों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जहां दोनों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिए गए।

