मुजफ्फरनगर। थाना पुरकाजी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरैटी में हुई रोहन राठी हत्याकांड की घटना के साक्ष्य संकलन हेतु एसआईटी, मेडिकोलीगल एवं साइबर टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर सीन रिक्रियेशन कराया गया।
23/24 सितंबर की रात्रि को थाना पुरकाजी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरैटी से बाईपास मार्ग पर बम्बे के पास अज्ञात अभियुक्तों द्वारा रोहन पुत्र विवेक राठी, निवासी ग्राम हरैटी, थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर की हत्या कर दी गई थी। उक्त घटना के सम्बन्ध में थाना पुरकाजी पर मु0अ0सं0 154/2026, धारा 103(1) बीएनएस के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
विवेचना के दौरान अभियुक्तगण 1. नाजिम पुत्र मुजफ्फर हुसैन, निवासी ग्राम संगीपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार तथा 2. सावेज पुत्र इफजुर्रहमान, निवासी जहीरपुर, थाना देवबन्द, जनपद सहारनपुर के नाम प्रकाश में आए थे। दोनों अभियुक्तों को थाना पुरकाजी पुलिस टीम द्वारा दिनांक 25.09.2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
उक्त प्रकरण में साक्ष्यों के संकलन एवं वैज्ञानिक परीक्षण के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के नेतृत्व में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। इसी क्रम में आज एसआईटी, मेडिकोलीगल टीम एवं साइबर टीम द्वारा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया गया तथा घटना से सम्बन्धित साक्ष्यों के संकलन एवं घटनाक्रम की कड़ियों को स्पष्ट करने के उद्देश्य से घटनास्थल पर सीन रिक्रियेशन की कार्यवाही की गई। प्रकरण में साक्ष्य संकलन एवं विवेचनात्मक कार्यवाही नियमानुसार प्रचलित है।


