रामपुर । हाईवे पर दो बसों की आमने-सामने की हुई टक्कर में 4 यात्रियों की मौत हो गई और 60 यात्री घायल हो गए। जिले में लखनऊ दिल्ली हाईवे 24 पर सावन माह का सोमवार होने के कारण ट्रैफिक वन-वे कर दिया गया है। इसी दौरान मिलक में भैरव बाबा मंदिर के पास दो बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। लखनऊ से दिल्ली जा रही साहिबाबाद डिपो की जनरथ बस की हरिद्वार से श्रावस्ती जा रही निजी वोल्वो बस से भिड़ंत हो गई। दोनों बसें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों बसों के घायलों को पास के सरकारी अस्पताल और गंभीर रूप से घायल 32 यात्रियों को जिला अस्पताल भेजा। मिलक के अस्पताल में 18 यात्रियों को भर्ती कर उनका उपचार किया गया। दूसरे यात्री प्राथमिक उपचार के बाद चले गए।

