Taja Report

योगी का दौरा : स्वास्थ्य विभाग ने बनाए तीन सेफ हाउस

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का व्यापक एवं गहन निरीक्षण किया गया।

 मुख्यमंत्री जी के जनपद आगमन के दौरान दो प्रमुख स्थानों—नुमाइश ग्राउंड एवं अहिल्याबाई चौक—पर कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों स्थलों के निकट सेफ हाउस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नुमाइश ग्राउंड के निकट स्थित संतोष हॉस्पिटल में बनाए गए सेफ हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक उपकरणों, दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस व्यवस्था, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती तथा साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सक्रिय एवं मानकों के अनुरूप रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इसी क्रम में, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अहिल्याबाई चौक के समीप स्थित जिला चिकित्सालय में बनाए गए सेफ हाउस का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां उपलब्ध संसाधनों, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा मरीजों के त्वरित उपचार हेतु की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा जिला चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी वार्ड का भी गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं को 24×7 पूरी सतर्कता के साथ संचालित करने, जीवनरक्षक दवाओं एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी चिकित्सकीय स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय आपात स्थिति से निपटने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुदृढ़ एवं क्रियाशील रहें। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *