मुरादाबाद। प्रेम विवाह के नौ साल बाद मौहल्ले के युवक से अवैध संबंध परिवार पर भारी पड़ गये। पति मुकेश और उसके परिवार के लोगों के समझाने के बाद भी कविता ने मोहल्ले के युवक से मिलना जुलना बंद नहीं किया तो सोमवार की रात मुकेश ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि बुद्धि विहार से सटे गोपालपुर निवासी मुकेश और कविता ने नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों के विरोध के बावजूद दोनों ने शादी कर ली थी। कुछ साल बीतने के बाद दोनों के परिवार मान गए। इसके बाद मुकेश भी कविता के मायके आने जाने लगा था। परिजनों का कहना कि दंपती की तीन बेटियां हैं। परिवार के लोगों से पूछताछ में पता चला कि करीब दो साल से कविता और मुकेश के बीच विवाद चल रहा था। इस विवाद की वजह मोहल्ले का एक युवक है। कविता उस युवक से अक्सर बातचीत करती थी।
मुकेश इसका विरोध करता था। मुकेश के भाई लोकेश का कहना है कि युवक ने मुकेश के साथ मारपीट की थी। सोमवार की रात भी युवक उसके घर में मौजूद था। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसे लेकर कविता और पति मुकेश के बीच सोमवार की रात झगड़ा हुआ था। इसके बाद कविता बड़ी बेटी काव्या (7) और आराध्या (5) को अपनी मां गीता और पिता गेंदालाल के घर के बाहर छोड़कर आ गई थी।

