मुजफ्फरनगर। बिलासपुर कट के पास जंगल में थाना नई मण्डी पुलिस की बदमाशों से हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बैटरी चोर अभियुक्त को घायल कर गिरफ्तार करते हुए मोबाईल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से मोबाइल टावरों से चोरी की गयीं 23 बैटरी, घटना में प्रयुक्त एक सैन्ट्रो कार व अवैध शस्त्र बरामद किए गए है । गिरफ्तार अभियुक्तको उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है । अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
बताया गया है कि उप निरीक्षक संजय कुमार मय टीम के जौली रोड पर चेकिंग कर रहे थे । इसी दौरान बिलासपुर कट की तरफ से एक कार आती दिखाई दी जिसे चेकिंग हेतु रुकने का इशारा किया गया तो अचानक पुलिस को देखकर कार सवार, कार को वापस मोड़कर भागने लगे । पुलिस टीम द्वारा बदमाश होने का शक होने पर कार का पीछा किया गया । इसी दौरान सूचना पर सामने से उप निरीक्षक जयप्रकाश भास्कर मय टीम के आ गए । दोनों तरफ से पुलिस को देखकर कार सवारों द्वारा कार को नींव भरी हुई महागौरी कॉलौनी की तरफ मोड़कर भागने लगे जहाँ पर दीवार से टकराकर कार रुक गयी । तभी कार में सवार 02 बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे । पुलिस टीम द्वारा बदमाशों को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गयी परन्तु बदमाशों पर चेतावनी का कोई असर नहीं पड़ा तथा लगातार पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर करते रहे । इस पर पुलिस टीम द्वारा अपनी जान की परवाह न करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया गया तथा बदमाशों की फायरिंग रेंज में घुसकर आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी जिसमें 01 बदमाश घायल हो गया तथा दूसरा अँधेरा व खड़ी फसल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया । थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु लगातार कॉम्बिंग की जा रही है । पकड़े गए जावेद पुत्र इलियास निवासी ग्राम लक्खीपुरा थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ है । उसके पास 23 बौटरी मोबाईल टावरों से चोरी की गयी, सैन्ट्रो कार, तमंचा मय एक जिंदा व एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए हैं। अभियुक्त शातिर किस्म के चोर प्रवृत्ति के अपराधी है जिनके द्वारा खतौली, बुढाना, फुगाना तथा आसपास के जनपदो में विभिन्न स्थानों पर मोबाईल टावरों से बैटरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है ।

