कानपुर। इस्राइली मशीन से बुजुर्ग से जवान करने का झांसा देकर लोगों से 35 करोड़ रुपये ठगने वाले फरार राजीव और उसकी पत्नी रश्मि ने पैसे ऐंठने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमिताभ बच्चन की तरह जवान बनाए रखने का फार्मूला बेचते थे। उन्हें सलमान खान और शाहरुख खान की तर्ज पर हैंडसम बनाने का सपना दिखाया जाता था। मशीनें सील कर अब आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्यवाही की जा रही है।
मामला पकड़े जाने के बाद अब पीड़ितों ने मामले की जांच कर रही एसआईटी के सामने बयान दर्ज कराते हुए बताया कि जालसाज दंपती ने अपने प्रेजेंटेशन के दौरान उन्हें बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी और अमिताभ बच्चन से लेकर कई खिलाड़ी व फिल्मी सितारे तक विदेश जाकर इस ऑक्सीजन थेरेपी को लेते हैं, इसीलिए वह इतने तंदरुस्त दिखते हैं। ठगी का शिकार हुई रेडीमेड कपड़ा कारोबारी की पत्नी ममता ने पुलिस को बताया कि जिम में आने वाले लोगों से दोनों पूछते थे कि प्रधानमंत्री इतने ऊर्जावान कैसे रहते हैं? 24 में से 20 घंटे काम कैसे करते हैं? फिर खुद ही जवाब देते थे कि उनका चेहरा इसी इस्राइली टाइम मशीन की वजह से चमकता है। यही नहीं, उन लोगों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान और शाहरुख खान जैसे सिने अभिनेताओं का भी हवाला देकर विश्वास दिलाया।

