Taja Report

मुज़फ्फरनगर में योगी के आने से पूर्व भाजपा का नवनामित सभासद गिरफ्तार, बना रहा था नकली पनीर, भेजा जेल

मुजफ्फरनगर। खतौली में नकली पनीर बनाकर जनता की सेहत से खिलवाड़ करने के आरोपी भारतीय जनता पार्टी के सभासद रजत जैन को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खतौली नगर पालिका परिषद के नामित सभासद रजत जैन को रविवार सुबह कोतवाली पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया। सत्ताधारी दल से जुड़े होने के कारण पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बच रहे रजत जैन पर इस कार्रवाई ने कस्बे की राजनीति में हलचल मचा दी है।मामले की जड़ें पिछले साल की कार्रवाई से जुड़ी हैं। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर रजत जैन की पनीर विनिर्माण इकाई (रजत एजेंसी) पर छापेमारी की थी। इस दौरान वहां से लगभग 300 किलो मिलावटी पनीर, 300 लीटर मिश्रित दूध, 60 किलो सोयाबीन, 300 ग्राम घातक ‘रानीपाल’ केमिकल, 300 ग्राम फ्लेवरिंग एजेंट और 135 किलो पामोलिन रिफाइंड तेल बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने धारा 274/275 बीएनएस के तहत मुकदमा (अपराध संख्या 426/26) दर्ज किया था।हैरानी की बात यह रही कि इतनी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी की संस्तुति पर रजत जैन का नाम शासन द्वारा पालिका के नामित सभासदों की सूची में शामिल कर लिया गया। पिछले माह ही रजत जैन ने जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में पूरी शानो-शौकत के साथ सभासद पद कीशपथ ली थी। आरोपी को सरकारी सम्मान मिलने से कस्बे के पुराने और निष्ठावान भाजपाइयों में भारी आक्रोश था। स्थानीय कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जिलाध्यक्ष ने “अंधा बांटे रेवड़ी, अपनों-अपनों को दे” वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए दागी चेहरे को आगे बढ़ाया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत रविवार सुबह करीब 7:30 बजे कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने मोहल्ला बालकराम घंटाघर स्थित रजत जैन के आवास पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम:

उपनिरीक्षक (SI) मनोज सिंह

हेड कांस्टेबल मोमराज सिंह

हेड कांस्टेबल अमित कुमार

हेड कांस्टेबल धनेश नागर

प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र बघेल ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध साक्ष्यों और मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने हेतु अदालत के समक्ष पेश किया गया है। भाजपा नेता की इस गिरफ्तारी के बाद अब संगठन के भीतर भी गुटबाजी और नाराजगी उभर कर सामने आने लगी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *