मुजफ्फरनगर । 120 करोड़ की जीएसटी चोरी का मामला उछलने के बाद अब विभाग को फर्जी ईवे बिल की सुध आई है।
स्टेट जीएसटी विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर के निर्देश पर फर्जी बिलों पर माल लेकर परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम का नेतृत्व करते हुए उपायुक्त विवेक मिश्रा के साथ अन्य अधिकारी व पुलिस टीम ने खतौली से पुरकाजी बोर्डर तक जाल बिछाकर माल लेकर चलने वाले ट्रकों की जांच की। विभिन्न होटल-ढाबों पर रूकने वाले ट्रकों की भी जांच की गई। जांच में टीम को बड़ी सफलता भी मिली। अलग-अलग जगह से 10 ट्रक पकड़े गए, जिनके पास ई-वे बिल नही था। इसके साथ जीएसटी चोरी कर बिलिंग भी फर्जी की गई थी। ऐसे ट्रकों को टीम अधिकारियों ने कब्जे में लेकर ट्रासपोर्टनगर चेकपोस्ट और भोपा पुलिस थाने पर खड़े कराए और इनमें भरे माल की जांच शुरू कर दी। ज्वांइट कमिश्नर जेएस शुक्ला ने बताया दो दिन तक जांच कर यह ट्रक पकड़े गए हैं। इसके पास ई-वे बिल नहीं होने के साथ जीएसटी चोरी भी मिली है। पकड़े गए वाहनों में भरे माले की विस्तृत जांच की जा रही है. जिसके बाद जुर्माना लगेगा। ट्रकों में करीब 60 लाख रुपये के माल भरा हुआ है। जांच टीम में डीसी विवेक मिश्रा, संदीप किरण, प्रतिभा सिंह, वीपी सिंह आदि मौजूद रहे।


