Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का आधार, यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी: पुष्पेंद्र कुमार

विद्यार्थियों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुजफ्फरनगर में यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल यातायात मंटी कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

कार्यक्रम में सर्वप्रथम डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों एवं उनके गंभीर परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत सरकार की राहवीर (Good Samaritan) योजना के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक सहायता एवं अस्पताल पहुंचाने में मदद करना किसी का जीवन बचा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई तथा सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।

 

इसके पश्चात उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन सवारों को सबसे अधिक जोखिम रहता है। हेलमेट का प्रयोग न करने के कारण दुर्घटना होने पर गंभीर चोट एवं मृत्यु की आशंका बढ़ जाती है। इसी प्रकार चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट न लगाना भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए।

 

उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाना, नींद एवं थकान के बावजूद ड्राइविंग करना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा यातायात नियमों की अनदेखी करना शामिल हैं। आजकल वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग भी दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बन रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि वाहन चलाते समय पूरा ध्यान सड़क पर होना चाहिए।

 

उन्होंने सुरक्षित यातायात के तीन महत्वपूर्ण मंत्र बताएकृ

 

1. सतर्कता – सड़क पर हमेशा सावधान एवं जागरूक रहें।

2. एकाग्रता – वाहन चलाते समय अपना पूरा ध्यान सड़क पर रखें।

3. सही रास्ता – यातायात संकेतों एवं निर्धारित मार्गों का पालन करें।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि भारत सरकार की राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करने वाले नेक नागरिक को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने का प्रावधान है। दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे (गोल्डन ऑवर) में घायल व्यक्ति को उचित चिकित्सा सहायता मिलना उसके जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कुछ महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से –

 

– 18 वर्ष से कम आयु में सामान्य मोटर वाहन चलाने से बचें तथा निर्धारित कानूनी आयु एवं लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करें।

– 16 से 18 वर्ष की आयु में केवल कानून द्वारा अनुमत निर्धारित क्षमता वाले वाहन ही वैध अनुमति के साथ चलाएं।

– दोपहिया वाहन पर चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों हेलमेट पहनें।

– चार पहिया वाहन में आगे एवं पीछे बैठने वाले सभी यात्री सीट बेल्ट लगाएं।

– वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

– एम्बुलेंस एवं आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें।

– यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग एवं निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

– सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानीपूर्वक सड़क पार करें।

– कभी भी नशे, अत्यधिक थकान या नींद की स्थिति में वाहन न चलाएं।

 

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों से यातायात सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे। इस प्रश्नोत्तरी में नैतिक, निवेदी एवं वंशिका सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा सही उत्तर देकर अपनी जागरूकता एवं समझ का परिचय दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान या जागरूकता कार्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे 18 वर्ष की आयु से पहले सामान्य मोटर वाहन न चलाएं तथा निर्धारित आयु में भी केवल वैधानिक अनुमति एवं सुरक्षा नियमों के अनुसार ही वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने अभिभावकों, परिवारजनों एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि सड़क पर हमारी एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी में कभी न भरने वाला खालीपन पैदा कर सकती है। इसलिए हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि घर पर कोई हमारा इंतजार कर रहा है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *