होटल वेल विस्टा में एसजीएसटी का बड़ा छापा, 54 लाख की टैक्स चोरी उजागर, दस्तावेज जब्त
करोड़ो के कारोबार के बावजूद, कच्चे कागज’ पर चल रहा था समारोह का खेल
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर स्थित होटल वेल विस्टा में राज्य वस्तु एवं सेवाकर (एसजीएसटी) की विशेष जांच शाखा (एसआईबी) ने जीएसटी चोरी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। प्रारंभिक जांच में विभाग ने 3 करोड़ रुपये के अघोषित कारोबार पर 54 लाख रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। अधिकारियों का मानना है कि विस्तृत जांच के बाद यह आंकड़ा करोड़ों के पार जा सकता है।
15 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
एसजीएसटी के संयुक्त आयुक्त सिद्धेशचंद दीक्षित ने बताया कि होटल में जीएसटी संबंधी गड़बड़ियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद उपायुक्त मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने होटल में लगभग 15 घंटे से अधिक समय तक सघन जांच की, जिसमें होटल के वित्तीय रिकॉर्ड और विभागीय पोर्टल पर दर्ज डेटा में भारी अंतर पाया गया। संयुक्त आयुक्त (एसजीएसटी) सिद्धेशचंद दीक्षित का कहना है कि होटल संचालकों ने सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचाई है। दस्तावेजों की गहन जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


