मुजफ्फरनगर। जिले के कस्बा जानसठ में शादी-समारोह में खाना बनाने का काम करने वाले एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस) को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।ग्राम घटायन दक्षिणी निवासी रोहित कश्यप पुत्र राजकुमार ने बताया कि वह पेशे से हलवाई है। बीते 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:00 बजे वह कस्बा जानसठ में एक शादी का काम निपटाकर अपने साथी अंकित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। पीड़ित का आरोप है कि रास्ते में मोहल्ला करीमुल्ला पट्टी निवासी नीशू और अक्षय उर्फ आसू (पुत्रगण रामपाल उर्फ पाल) ने तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन रोक लिया।शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले रोहित के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसे लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इसी दौरान अक्षय उर्फ आसू ने जान से मारने की नीयत से अपनी कमर से तमंचा निकालकर रोहित पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। शोर शराबा सुनकर राहगीरों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।रोहित ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद से आरोपी नीशू अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर तमंचे के साथ अपनी फोटो लगाकर उसे लगातार डरा-धमका रहा है। पीड़ित ने इन धमकियों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं।
पीड़ित का दावा है कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। पूर्व में भी आरोपियों ने अपनी बहन के जरिए उस पर एक झूठा प्रार्थना पत्र दिलवाया था, जिसमें बाद में समझौता हो गया था। अब आरोपी उसे दोबारा किसी झूठे बलात्कार के केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं।
रोहित ने कहा कि “आरोपी दबंग और गिरोहबंद किस्म के व्यक्ति हैं। मुझे और मेरे परिवार को उनसे जान का खतरा है, जिसके कारण मैं दहशत में हूँ।”
फिलहाल, पीड़ित ने मुजफ्फरनगर पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


