मुजफ्फरनगर श्रावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना भोपा पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली फेसबुक पोस्ट के मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहजाद पुत्र फैय्याज निवासी दरियावाला, मोरना के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री है और तीसरी कक्षा तक पढ़ा है। आरोपी ने फेसबुक पर कांवड़ को लेकर एक अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण में थाना भोपा पुलिस ने इस पोस्ट को गंभीरता से लिया और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस की कानूनी समझाइश के बाद आरोपी का चेहरा फक था और वह अपने पैरों पर खड़ा होने लायक भी नहीं बचा। पुलिस ने आरोपी को कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आदित्य बंसल एसपी देहात मुजफ्फरनगर ने कहा
“सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
अपील : मुजफ्फरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से प्रयोग करें और कोई भी आपत्तिजनक/भड़काऊ सामग्री पोस्ट या साझा करने से बचें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई तय है।


