मुजफ्फरनगर। श्री राम ग्रुप के फार्मेसी कॉलेज में स्वगणना 7 मई 2026 से 21 मई 2026 अभियान के अंतर्गत सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) पर श्री राम ग्रुप के फार्मेसी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ फार्मेसी कॉलेज की प्राचार्या डा0 आकांक्षा निर्वाल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल स्व-गणना प्रणाली नागरिकों को सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है।
प्राचार्या डा आकांक्षा निर्वाल ने कहा कि सही एवं सटीक जनगणना डेटा देश की विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास तथा आधारभूत सुविधाओं के प्रभावी संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है और इस प्रकार के राष्ट्रीय अभियानों में उनकी सहभागिता देशहित में अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में डिजिटल माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को पोर्टल पर लॉगिन कर जानकारी दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जागरूकता कार्यक्रम में 20 से अधिक स्टाफ कर्मचारियों एवं लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि 21 मई 2026 से पूर्व कॉलेज के 100 प्रतिशत विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों का डेटा पोर्टल पर दर्ज कराया जाएगा।
कॉलेज प्रबंधन ने इस पहल को जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया की अवधारणा को सशक्त बनाने में ऐसे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह राष्ट्रीय अभियान और अधिक सफल बनेगा।
इस अवसर पर फार्मेसी प्राचार्या डा आकांक्षा निर्वाल के साथ शिक्षकगण सागर कुमार, वैभव, रोहित मलिक, सौरभ, अमन सिंह, मौ० अजहर, शुभम सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


