Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने बनाई रणनीति, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने जनसंपर्क अभियान तेज करने का किया आह्वान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने मतदाताओं से संवाद पर दिया जोर

जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी बोले—चुनावी तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा विशेष ध्यान

 

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए मतदाता संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने, संगठनात्मक जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, सक्रियता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ कमेटियों के गठन और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।

जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि बैठक में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, नगरपालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरुप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उमेश मलिक सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : भूपेंद्र चौधरी

बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इनकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने किसान सम्मान निधि, युवाओं के लिए रोजगार एवं सरकारी नौकरी के अवसर, छात्राओं के लिए स्कूटी वितरण, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती चुनावी सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं और इनमें बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने, पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने तथा चुनाव संबंधी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर संवाद स्थापित करें : संजीव बालियान

पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल मतदाता सूची तैयार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उससे संवाद स्थापित करना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं तथा अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रभावी जनसंपर्क, नियमित संवाद और संगठनात्मक समन्वय के माध्यम से चुनावी तैयारियों को मजबूत बनाया जा सकता है। कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों से मतदाताओं को अवगत कराना चाहिए।

जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही न बरतें : डॉ. सुधीर सैनी

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन चुनावों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्धारित जिम्मेदारियां समय से पूरी करने, प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करना होगा। संगठनात्मक अनुशासन, आपसी तालमेल और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से ही चुनावी अभियान को मजबूती प्रदान की जा सकती है। इस अवसर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष यशवीर सिंह का केबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी समेत पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर स्वागत किया।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी, अनिल प्रमुख, अक्षय पुंडीर, गौरव पंवार, अमित राठी, केप्टन प्रवीण चौधरी, हरीश अहलावत, अभिषेक गुर्जर, सुनील दर्शन, शरद शर्मा, संजय गर्ग, अशोक बाटला, आशुतोष शर्मा, विपुल भटनागर, शिवम सैनी, प्रवीण शर्मा, हरेंद्र शर्मा, विनित कात्यान, विशाल गर्ग, विजय प्रजापति, अंजलि चौधरी, आंचल तोमर, सचिन पावटी, प्रमेश सैनी, रविकांत पाल, जोगेंद्र गुर्जर, सुरेंद्र कश्यप, दिनेश पुंडीर, विनित चौहान, रक्षित नामदेव, पुरोहित उटवाल, अरुण शर्मा, पंकज माहेश्वरी, सर्वेश कुमार और पिंटू त्यागी सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के समापन पर पदाधिकारियों ने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने, मतदाताओं से संपर्क मजबूत करने और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *