मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शारदेन किड्ज स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नई मंडी क्षेत्राधिकारी (CO New Mandi) राजू कुमार साव एवं शहर की यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक पुलिस के जवानों को स्नेह व सम्मानपूर्वक रक्षासूत्र बांधा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘हर दिन के रक्षक’ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने धूप और बारिश की परवाह किए बिना समाज की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में जुटे जवानों के समर्पण व सेवा भाव के प्रति अपना प्रेम और आभार व्यक्त किया।
क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव ने बच्चों के इस आत्मीय भाव की सराहना करते हुए उन्हें शुभाशीष व उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि बच्चों का यह अपनत्व पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है।
यह आयोजन बच्चों में समाज के संरक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करने के दृष्टिकोण से अत्यंत भावपूर्ण व प्रेरणादायक रहा।


