मुजफ्फरनगर । श्री रामलीला कमेटी, नई मंडी के शताब्दी वर्ष (100वें वर्ष) के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले ‘श्री रामलीला महोत्सव’ की सूचना जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज एक भव्य ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद, संकटमोचन प्रभु श्री हनुमान जी की अगुवाई में ध्वज यात्रा नई मंडी के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहाँ श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया।प्रभु श्री राम के इस अलौकिक कार्य को पूरी तरह से निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराने की प्रार्थना के साथ, पावन ध्वज को नई मंडी स्थित रामलीला भवन पर स्थापित किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कमेटी के अध्यक्ष संजय मित्तल ने इस ऐतिहासिक अवसर पर कहा, “यह वर्ष हमारे लिए अत्यंत गौरवशाली है क्योंकि हम शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। रामलीला मंचन का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि प्रभु श्री राम के जीवन मूल्यों और उच्च आदर्शों को जन-जन के मानस तक पहुँचाना है, ताकि युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सके।”
इस पावन अवसर पर कमेटी के सभी सम्मानित पदाधिकारी मंत्री अशोक गर्ग, बृजगोपाल छारिया, कोषाध्यक्ष आदित्य भरतिया, प्रवीण कुमार, राजीव अग्रवाल, उपेंद्र मित्तल, अशोक तायल, कैलाश चंद ज्ञानी, राकेश खंडेलवाल, विदित गुप्ता, अभिषेक कुच्छल, संजय जिंदल, राजेश गोयल, राजेंद्र सिंघल, श्याम सुन्दर,विवेक गर्ग, मनोज मोदी, मुकेश गुप्ता प्रधान, शरद गोयल, अतुल जैन विवेक बंसल, सहित भारी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।


