सिसौली। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने आज किसान भवन में आयोजित मासिक किसान पंचायत में बोलते हुए किसानों को तंग करने वाले विधुत कर्मियों को चेतावनी दी है कि बिजली वाले ध्यान से सुन लें, देश में आचार संहिता लगी है, कोई कर्फ्यू नहीं लगा, इसलिए किसानों को परेशान किया तो इलाज कर दिया जाएगा।
उन्होंने भाकियू पदाधिकारियों को भी हिदायत दी है कि ज्यादा फोटोबाजी के चक्कर में ना पड़ें और जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए भाकियू को मजबूत कर नये मेंबर बनायें और किसान हित में काम करें।
भाकियू की किसान राजधानी सिसौली में मासिक किसान पंचायत में बोलते चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि अगली मासिक बैठक लोकसभा चुनाव के चलते नहीं होगी, मतदान संपन्न होने के पश्चात मासिक बैठक की तिथि घोषित कर दी जाएगी
उन्होंने भाकियू पदाधिकारियों से कहा कि किसानों को आगे बढ़ाने का काम करें और खुद फोटो खिंचवाने के ज्यादा चक्कर में ना पड़ें। किसी भी सभा या यात्रा स्टेज पर बैठने की लालसा में ना रहे। मासिक बैठक में आगामी कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। किसान भवन में मासिक बैठक का भारतीय किसान यूनियन द्वारा आयोजन किया गया। जिसमे किसानो की समस्यायो क़ो लेकर रणनीति बनाई गई।
पंचायत का संचालन ओमपाल मलिक व अध्यक्षता ठाकुर जगत सिंह ने की। पंचायत में भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत,जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, जहीर फारूकी पुरकाजी चैयरमेन, चौधरी वीरेंदर लाटियान, गौरव टिकैत, मोमिन त्यागी,सतेंद्र पुंडीर आदि उपस्थित रहे।


