मुजफ्फरनगर । एमबीबीएस की छात्रा का शव हास्टल के पीछे रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। देर रात छात्रा मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी । जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने पर छात्रा की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने छात्रा के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। छात्रा मूल रूप से औरैया जनपद की रहने वाली है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार के आधार पर औरैया जनपद की टीचर्स कॉलोनी निवासी प्रवक्ता राहुल चौहान की बेटी कृतिका चौहान मंसूरपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कर रही थी । देर रात हॉस्टल में हुई हेड काउंटिंग में छात्रा लापता मिली। हॉस्टल के स्टाफ ने काफी देर तक छात्रा की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसके बाद मामले की जानकारी देर रात मंसूरपुर पुलिस को दी गई । पुलिस ने छात्रा के शव को हॉस्टल के पीछे जा रही रेलवे फ्रंट कॉरिडोर की रेलवे लाइन से बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन शुक्रवार सुबह मंसूरपुर थाने पहुंच गए हैं । एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि छात्रा मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र कुणाल सैनी निवासी थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर के साथ हॉस्टल से बाहर गई थी। फिलहाल छात्र से पूछताछ की जा रही है कि किन परिस्थितियों में छात्रा की मौत हुई।


