मुजफ्फरनगर । पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान के लिए प्रचार कार्य समाप्त होने के बाद अब कल पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा लोकसभा में सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगे सभी जनपदीय पुलिस बल, गैर-जनपदीय पुलिस बल व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) आदि को रिजर्व पुलिस लाईन मुजफ्फरनगर में ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जिले में चुनाव प्रचार का शोर आज थम गया। जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर अरविन्द मलप्पा बंगारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह द्वारा लोकसभा चुनाव -2024 के प्रथम चरण में होने वाले मतदान को निष्पक्ष, सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत चुनाव डियूटी व सुरक्षा व्यवस्था में लगे जनपदीय पुलिस बल, गैर-जनपदीय पुलिस व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल CAPF आदि को रिजर्व पुलिस लाईन, मुजफ्फरनगर से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। ब्रीफिंग के दौरान अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) नरेन्द्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध प्रशान्त कुमार प्रसाद, पुलिस अधीक्षक यातायात कुलदीप सिंह सहित केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल CAPF, पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव-2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने एवं चाक चौबन्द सुरक्षा व्यवस्था की गयी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की ड्यूटी लगायी गयी है तथा जनपद के सभी मतदान केन्द्रों, वल्नेरबल व क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की ड्यूटी लगायी गई है। साथ ही थाना मोबाइल, क्लस्टर मोबाईल, थाना अतिरिक्त मोबाईल तथा QRT का गठन किया गया है जो लगातार मतदान दिवस के दिन मतदान केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर शान्ति/कानून व्यवस्था बनाये रखते हुये सकुशल चुनाव सम्पन्न करायेंगे ।
ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी अधिकारी/कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी के बारे में विस्तार से बताया कि ड्यूटी के दौरान क्या करना चाहिए क्या नहीं करना चाहिए । ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने तथा सभी पुलिसकर्मियों को बताया गया कि पोलिंग पार्टियों के साथ ही वाहनों में बैठकर पोलिंग बूथों पर जाये तथा चुनाव के दौरान पूरी गम्भीरता से अपनी ड्यूटी के निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया । सभी अधिकारियो के नम्बर अपने पास रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने हेतु अवगत कराया गया । समस्त कर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संयम व अच्छा आचरण रखने, अपना पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने व साफ-सुथरी वर्दी पहनने तथा किसी भी राजनैतिक दल/प्रत्याशी पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करने हेतु कड़े निर्देश दिये गये ।
इसी क्रम में उपस्थित कर्मियों को बताया गया कि मतदान केन्द्र के अंदर कोई भी व्यक्ति मोबाइल फ़ोन नहीं ले जाएगा । मतदान केन्द्र के आसपास भीड़ एकत्रित न होने देने हेतु निर्देशित किया गया । साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार का विघ्न डालने का प्रयास किया जाता है तो ऐसे अराजक तत्वों पर पूरी सख्ती से कानूनी कार्यवाही की जाए । यदि किसी प्रत्याशी या मतदाता द्वारा चुनाव आयोग के दिशा निर्देशो का उल्लंघन किया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जाये। मतदान केन्द्र सुरक्षा की ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पीठासीन अधिकारी का पूर्ण सहयोग करें तथा शांति व्यवस्था बनाये रखें एवं शान्ति व्यवस्था हेतु पीठासीन अधिकारी के बुलाने पर ही मतदान केन्द्र के अन्दर प्रवेश करें तथा मतदान केन्द्र के अन्दर मोबाइल एवं किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु किसी भी दशा में अन्दर न जाने दे । इसके साथ ही सभी को सेक्टर , जोनल व अन्य उच्चाधिकारीगणों के नम्बर अपने पास रखने हेतु निर्देशित किया गया तथा चुनाव के दौरान पूर्ण मनोयोग व पूरी गम्भीरता से अपनी ड्यूटी के निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया ।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी पुलिसकर्मी मतदान के उपरान्त अपनी पोलिंग पार्टी के साथ ही पोलिंग पार्टी वाहन द्वारा सुरक्षित ई.वी.एम. / मतपेटिकाओं को स्ट्रॉग रूम (कूकडा मण्डी स्थल) में जमा कराने के बाद ही निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त होंगे । अंत में डीएम ने चुनाव ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी/कर्मचारीगणों को निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से मतदान कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।


