मुजफ्फरनगर । जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव की तैयारियो के दृष्टिगत जिला पंचायत सभागार कक्ष में गोष्ठी कर ईवीएम, टेंडर वोट, चेलेंज वोट आदि के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के अलावा जिला पंचायत सभागार कक्ष में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के गोष्ठी के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, एमडीए कुलपति श्रीमति कविता मीणा, एमडीए सचिव आदित्य प्रजापति, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) नरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी(वित्त) गजेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध प्रशान्त कुमार प्रसाद, पुलिस अधीक्षक यातायात कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्रीमति रुपाली राव, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, समस्त जोनल मजिस्ट्रेट, समस्त जोनल पुलिस अधिकारी सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चुनाव आयोग द्वारा जारी गाईडलाइंस व मॉडल कॉड आफ कंडक्ट(आदर्श आचार संहिता) के बारे में विस्तार से सभी अधिकारियों को बताते हुए निर्देशित किया गया कि इसे सख्ती से इंप्लीमेंट करवाना सुनिश्चित करें। यदि कोई भी व्यक्ति/राजनैतिक पार्टी किसी प्रकार का आयोजन/सभा/रैली करना चाहते हैं तो उन्हें विधिवत अनुमति लेनी होगी, यदि आचार संहिता का कहीं भी उल्लंघन होता है तो उसपर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी भी दर्ज करें। यह भी सुनिश्चित किया जाये कि रात्रि 10:00 बजे के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग न हो तथा भारत सरकार एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित डेसिबल पर ही लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जाये। सभी अधिनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एफएसटी एव एसएसटी की टीम पूरी तरह क्रियाशिल रहे तथा क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग होती रहे।
जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र मे अवैध शराब की बिक्री करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही की समीक्षा कर ऐसे अपराधों में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही करने, अपने क्षेत्रों में सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ गोष्ठी करने, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के साथ नियमित पेट्रोलिंग करने, गुण्डा/गैंगस्टर एवं शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों की लगातार निगरानी करने, मिस इनफॉरमेशन इत्यादि खबरों का तुरंत ऑफीशियली खंडन करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। अधिकारीगण द्वारा ईवीएम की सुरक्षा के लिए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के उपरान्त सभी अधिनस्थों को इवीएम कनेक्शन, मॉक पोल, सीआरसी, सेलिंग एवं मतदान में प्रयुक्त होने वाले प्रपत्रों, इवीएम संबंधी एरर की विस्तृत जानकारी दी गयी तथा विशेष परिस्थिति जैसे टेंडर वोट, चैलेंज वोट और टेस्ट वोट की जानकारी भी दी गयी।
अंत में सभी अधिनस्थ अधिकारियों को पूरी तरह तटस्थ रहते हुए निष्पक्ष, ईमानदारी एवं शान्तिपूर्वक तरीके से लोकसभा चुनाव को सम्पन्न कराने हेतु सूचना तंत्र को अधिक से अधिक सक्रिय कर पूरी टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।


