पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, बिजनौर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट।
_______________________
मुजफ्फरनगर ।25 सितंबर 2026 माह सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। जिले में बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभारी अधिकारी आपदा एवं डिप्टी कलेक्टर कृष्णकांत विश्वकर्मा ने बताया कि 26 सितंबर 2026 से 27 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम संबंधी चेतावनी में कई जिलों को रेड और ऑरेंज वार्निंग जोन में रखा गया है। इसके चलते संबंधित जिलों के प्रशासन को आवश्यक सावधानी बरतने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
इन जिलों में रेड वार्निंग…
मौसम विभाग की ओर से श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड वार्निंग जारी की गई है। इन क्षेत्रों में अत्यंत भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
रेड वार्निंग का मतलब है कि मौसम की संभावित स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और स्थानीय स्तर पर अन्य दिक्कतें पैदा होने की आशंका रहती है।
वहीं बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
जनपद के नजदीकी जिलों में मौसम खराब होने की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
जनपद में भी सतर्कता जरूरी…आसपास के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते जिले में भी मौसम पर नजर रखी जा रही है। बारिश होने की स्थिति में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आ सकती है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखें और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। ग्रामीण क्षेत्रों में भी किसानों और आम लोगों को मौसम में बदलाव को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
27 सितंबर सुबह तक प्रभावी रहेगी चेतावनी..
प्रभारी अधिकारी आपदा एवं डिप्टी कलेक्टर कृष्णकांत विश्वकर्मा के अनुसार मौसम संबंधी यह चेतावनी 26 सितंबर से 27 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान मौसम में होने वाले बदलाव पर प्रशासन की नजर रहेगी।


