मुजफ्फरनगर । होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के प्रतिभाशाली छात्र शिव चौधरी ने प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन चौंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन चौंपियनशिप में आयोजित हुई।
शिव चौधरी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन के दम पर सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए मंडल चौंपियन बनने का गौरव भी प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शिव चौधरी जड़ौदा निवासी श्री अनुज चौधरी के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा निरंतर अभ्यास को दिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की ओर से श्री सतकुमार, योगाचार्य, बरेली में उपस्थित रहें और छात्र का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रर्वेंद्र दहिया ने शिव चौधरी की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने शिव एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शिव चौधरी एवं उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।


