Taja Report

मुजफ्फरनगर पन्नी जलाने से रोकने पर पुलिस पर हमला,27 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 5 गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर । भोपा के गांव तिस्सा में प्लास्टिक की पन्नी जला रहे लोगों को रोकने पर आरोपियों ने पुलिस हेड कांस्टेबल व पीआरडी के जवान पर हमला कर एक आरोपी को छुड़ा लिया। हमले में हेड कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 27 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

सोमवार देर शाम जौली पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार अपने साथी पीआरडी के जवान के साथ गांव में उपचुनाव से संबंधित नोटिस तामील कराने गए थे। गांव के कुछ लोगों ने उनसे शिकायत कर कहा कि गांव में भूमिया मंदिर के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर प्लास्टिक की पन्नी जला रहे हैं। प्रदूषण के चलते पूरा वातावरण दूषित हो रहा है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

विज्ञापन

 

आरोप है कि जब पुलिसकर्मी ने पन्नी जला रहे लोगों से ऐसा करने से रोका तो वहां मौजूद मुस्तकीम नामक व्यक्ति ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया। दोनों पुलिस के जवान आरोपी युवक को पकड़ कर अपने साथ लेकर चलने लगे, तभी दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर आरोपी मुस्तकीम को छुड़ा लिया।

 

मारपीट में हेड कांस्टेबल भूपेंद्र के हाथ की हड्डी टूट गई। देर रात थाना भोपा व ककरौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच आरोपियों अफजाल, घसीटा, महबूब, फैजान, इसरार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पांचों गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया है। सीओ भोपा डा. रवि शंकर मिश्रा का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान कराकर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *