गाज़ियाबाद। मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला गैरमर्द के साथ संबंध का बताया जा रहा है।
बताया गया है कि मूलरूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला अयूब अपनी पत्नी फरजाना और पांच बच्चों के साथ लोनी के पूर्वी मुस्तफाबाद कॉलोनी में रहकर मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार दोनों में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात को दोनों में फिर से विवाद हुआ। घर में दंपती और पांच बच्चे मौजूद थे। इस दौरान अयूब ने अपनी पत्नी पर फावड़े से सिर से लेकर पेट तक कई वार किए। मां को बचाने आए बच्चों को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया। सूचना पर पहुंचे एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। हत्या के कारण का पता किया जा रहा है। अयूब काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। परिवार की पूरी जिम्मेदारी फरजाना पर थी। वह घर में सिलाई का काम करती थी। उनकी तीन बेटी और दो बेटे काम में हाथ बंटाते थे। कुछ समय पहले ही फरजाना ने किस्तों पर मकान लिया था। इस मकान की किस्त फरजाना और उनके बच्चे भर रहे थे। धीरे-धीरे मकान में जरूरत का सभी सामान भी एकत्रित कर रहे थे। इसके साथ बेटी की शादी के लिए भी फरजाना तैयारी कर रही थी। वारदात के दौरान मां को बचाने के लिए बेटी अर्शी आई तो उसके हाथ पर भी फावड़ा लगा। अर्शी ने पिता पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

