गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में स्थित सिद्धार्थ विहार की वृंदावन सोसायटी में मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र के समौली गांव की रहने वाली मेडिकल छात्रा ने अपने किराए के फ्लैट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने छात्रा को फंदे से उतारा। जांच के दौरान छात्रा के मोबाइल फोन से एक वीडियो और कमरे से एक डायरी बरामद हुई है।
मृतक छात्रा की पहचान 25 वर्षीय आरती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र के समौली गांव की रहने वाली थी। आरती नोएडा की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से फिजियोथेरेपी के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और गाजियाबाद की वृंदावन सोसायटी में किराए के फ्लैट में रहती थी। पुलिस के अनुसार आरती ने सोमवार देर रात अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब दो बजे आरती के साथ क्लब में काम करने वाला उसका एक दोस्त उसके कमरे पर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाकर उसे खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो आरती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की जांच कराई गई और कुछ अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए गए। पुलिस को आरती के मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला है, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कहा कि यह फैसला उसने खुद लिया है और इसके लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है। पहले परिवार ने उसे ठुकराया और अब प्यार में भी उसे धोखा मिला। आरती ने कहा कि उसने अपने एक दोस्त के साथ जिंदगी बिताने का सपना देखा था, लेकिन उस दोस्त ने किसी और से शादी कर ली, जिससे वह पूरी तरह टूट गई और जीवन से हार मान ली। पुलिस को कमरे से एक डायरी भी मिली है, जिसमें आरती ने अपने मन की बातें लिखी थीं। डायरी में उसने लिखा कि उनके बीच का रिश्ता विश्वास पर टिका था, लेकिन जब उसने अपने दोस्त को उसकी पत्नी के साथ देखा तो वह गहरे सदमे में चली गई। उसे उस व्यक्ति पर पूरा भरोसा था, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया। आरती ने यह भी लिखा कि उसने जिंदगी में बहुत कुछ सहा है। पहले अपने लोगों ने साथ छोड़ दिया और अब प्यार ने भी धोखा दे दिया। उसने भावुक होकर लिखा कि वह तो उसकी पत्नी के पैर की जूती बनकर भी रह लेती, लेकिन अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सोमवार रात करीब 10 बजे से देर रात तक एक मोबाइल नंबर से आरती के फोन पर करीब 11 कॉल आई थीं। इनमें से कुछ कॉल उसने उठाई थीं, जबकि बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। मोबाइल फोन में करीब 23 चैट मैसेज भी मिले हैं, जिनमें प्यार में धोखा मिलने और मानसिक तनाव की बातें सामने आई हैं।


