मुजफ्फरनगर । दिल्ली के कोचिंग सेंटर में बेसमेंट के अंदर पानी भरने से हुई छात्रों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट मोड़ में नजर आ रहा है। दिल्ली की घटना को देखते हुए मुजफ्फरनगर में विभिन्न प्रतिष्ठानों में बने बेसमेंट का निरीक्षण करने सोमवार को एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा और सचिव आदित्य प्रजापति टीम के साथ निकले। पहले ही दिन निरीक्षण में उन्हें छह बेसमेंट अवैध रूप से बिना मानकों के बने मिले। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया है।मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा और सचिव आदित्य प्रजापति सोमवार को शहर में बेसमेंट बनाकर चल रहे प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने निकले। उन्होंने होटल रेडिऐंट इन, ग्रांड प्लाजा, द एसडी पब्लिक स्कूल, होटल वेलविस्टा, जानसठ रोड स्थित टीवीएस मोटर्स, आनंद हास्पिटल, हाइवे स्थित होटल रेडिएंड इन, जगदीश हास्पिटल के बेसमेंट का निरीक्षण किया। वहां की लिफ्ट सर्विस सहित निकासी द्वार की जांच की। इस दौरान अधिकारियों को केवल ग्रेंड प्लाजा होटल रायल इंफिल्ड शोरूम के बेसमेंट ही मानकों के अनुरूप मिले। एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा ने बताया कि मानकों के अनुरूप बेसमेंट नहीं मिलने पर सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगातार निरीक्षण जारी रहेगा। चन्हित कर अन्य पर भी कार्रवाई होगी।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और भाजपा नेता गौरव स्वरूप के समधी आकाश कुमार के द एसडी स्कूल में भी जांच की गई। अब देखना होगा कि गैर कानूनी तरीके से बने बेसमेंट को लेकर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी या सत्ता के दबाव में छोड़ दिया जाएगा ।


