Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर नगर पालिका के पूर्व सभासद विकल्प जैन ने फर्जी साइन करने वाले बीसी सोनू के खिलाफ कार्यवाही की मांग

पूर्व सभासद विकल्प जैन और सभासद सीमा जैन ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को सौंपा पत्र, कहा-पालिका की छवि पर बट्टा लगा रहे कुछ कर्मचारी

 

मुजफ्फरनगर। उधार की चाय के पैसों के लेन देन पर एक चाय वाले के खिलाफ अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए टैक्स विभाग के लाइसेंस पटल पर कार्यरत बीसी सोनू मित्तल के द्वारा कर अधीक्षक के फर्जी हस्ताक्षर कर एक साथ 13 चालान काटने के कृत्य को लेकर अब कार्यवाही की मांग मुखर हो रही है। सभासद सीमा जैन और उनके पति भाजपा नेता पूर्व सभासद विकल्प जैन ने चेयरपर्सन को पत्र सौंपकर इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्यवाही कराने की मांग की है, ताकि कोई भी कर्मचारी इतना गंभीर कृत्य भविष्य में न कर पाये।

बता दें कि सदर बाजार में चाय की दुकान करने वाले कृष्णापुरी निवासी मंगेश पुत्र ओमप्रकाश पालिका कार्यालयों में भी चाय देता है। आरोप है कि मंगेश ने जब बीसी सोनू मित्तल से उधार दी गई चाय के पैसे मांगे तो विवाद हो गया। इसी विवाद की रंजिश में जुलाई माह में बीसी सोनू मित्तल ने चाय वाले मंगेश पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए 13 चालान काटकर जुर्माने के लिए सीजेएम कोर्ट भिजवा दिये थे। अब सभासद सीमा जैन और उनके पति पूर्व सभासद विकल्प जैन ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को पत्र लिखा है। यह पत्र उनके द्वारा पालिका के व्हाटसएप गु्रप और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी जारी किया है।

पत्र में कहा गया कि चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप द्वारा पालिका में भ्रष्टाचार और गलत आचरण करने वालों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाकर काम किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपने गलत कार्य व्यवहार से पालिका और चेयरपर्सन की छवि को धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने लाइसेंस पटल का कार्य देख रहे बीसी सोनू मित्तल के द्वारा चाय विक्रेता मंगेश का प्रकरण उठाते हुए काह कि चाय की उधारी के पैसों को लेकर विवाद होने के बाद एक जुलाई, 2024 से 18 जुलाई, 2024 तक नगरपालिका अधिनियम-1916 की धारा 265 में दिये गये अधिकार का गलत प्रयोग करते हुए रंजिशन झूठा अतिक्रमण बताते हुए एक साथ 13 जुर्माना चालान सोनू मित्तल ने कर दिये। सभासद ने कहा कि इसमें यह तथ्य बेहद गंभीर है कि बीसी सोनू मित्तल के द्वारा इस कार्यवाही के प्रति विभागीय अधिकारियों और लाइसेंस पटल के प्रभारी कर अधीक्षक नरेश कुमार शिवालिया को भी अवगत कराये बिना उनके फर्जी हस्ताक्षर से जुर्माना चालान वाद कायम करते हुए प्रेषित किये गये। यह कृत्य किसी भी प्रकार से क्षम्य नहीं है। मंगेश एक गरीब व्यक्ति है और टाउनहाल परिसर के गेट नम्बर दो के समक्ष सदर बाजार में छोटा सा चाय का ठिया लगाकर अपने परिवार की आजीविका चला रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कुछ कर्मचारियों का गलत कार्य व्यवहार सामने आया है और गंभीर कार्यवाही नहीं होने से इनके हौसले बढ़ रहे है। ऐसे में सभासद ने चेयरपर्सन से कठोर कार्यवाही की मांग की गई है ताकि भविष्य में कोई भी कर्मचारी ऐसा कृत्य न कर पाये।

इस सम्बंध में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सोनू मित्तल पर फर्जी हस्ताक्षर से चालान जारी करने के आरोप लगे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए कर निर्धारण अधिकारी दिनेश कुमार को जांच के लिए कहा गया है। कर अधीक्षक नरेश शिवालिया द्वारा जांच की जा रही है और सम्बंधित को नोटिस जारी कर जवाब भी तलब किया गया है। जांच आख्या आने के बाद मामले में अग्रिम कार्यवाही की जायेगी। किसी के लिए भी ऐसा आचरण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *