मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने के कारण दहेजलोभियों ने बारात लाने से इनकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे सहित उसके परिजनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। दुल्हन का कहना है कि वे छह लाख वाली गाड़ी दे रहे थे लेकिन उनसे 25 लाख वाली गाड़ी देने को कहा जा रहा था।
सूत्रों के अनुसार मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सराय रसूलपुर में शनिवार को जानसठ थाना क्षेत्र के गांव चित्तौड़ा से बारात आने थी। मगर दहेज लोभियों द्वारा शादी में बड़ी गाड़ी की डिमांड को लेकर दूल्हा व उसके परिवार जन बारात लेकर समय से नहीं पहुंचे। काफी देर तक बारात का इंतजार किया गया जब बारात नहीं आई तब दुल्हन पक्ष के परिवार में मायूसी छा गई। बताया जा रहा है की दुल्हन पक्ष के लोग गांव चित्तौड़ा पहुंचे तो वहां पर दूल्हा फरार मिला। उनके परिजनों से इस विषय पर बात की, तो उन्होंने दहेज में गाड़ी की डिमांड रखी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


