मुजफ्फरनगर। एमआईटूसी कम्पनी के सफाई कर्मचारियों ने नगर मजिस्ट्रेट और चेयरपर्सन के भरोसे पर अपनी हडताल को खत्म कर दिया है। रविवार को कम्पनी के सफाई कर्मचारियों के द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया गया। वहीं शहर के सभी डलावघरों से भी कूड़ा उठाया गया। सफाई व्यवस्था शुरू होने पर नगरवासियों ने भी राहत की सांस ली है। कम्पनी के द्वारा मंगलवार को कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन देने का दावा किया गया है। एमआईटूसी कम्पनी के करीब 300 सफाई कर्मचारियों ने पिछले पांच दिनों से काम बंद हड़ताल की हुई थी। जिस कारण घरों से कूडा नहीं उठ पा रहा है। शनिवार को कर्मचारियों ने कूडे के बडे वाहनों को भी हंगामा करते हुए रोक दिया था। जिस वजह से डलावघरों से भी कूड़ा उठना बंद हो गया था। कर्मचारियों अक्तूबर और नवम्बर माह का कम्पनी के द्वारा वेतन नहीं दिया गया है। जिस कारण कर्मचारियों ने हडताल की हुई थी। उधर नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा कर्मचारियों को कम्पनी से वेतन दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने हडताल को वापस लिया। रविवार की सुबह कंपनी के परियोजना प्रबंधक का अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे सेकेंड्री जोन के इंचार्ज कुलदीप सिंह ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहनों को निकलवाने की कवायद शुरू की। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मंगलवार को उनका अक्टूबर माह का वेतन दे दिया जायेगा। 15 दिसम्बर तक नवम्बर माह का वेतन और सितम्बर तक के पीएफ का भुगतान भी 25 दिसम्बर तक करा दिया जायेगा। इसके बाद कर्मचारियों ने घरों और डलावघरों से कूड़ा उठाना शुरू किया।


