20 सितंबर को पचेंडा रोड पर गूंजेगा सामाजिक समरसता का संदेश, हॉल मैदान में जुटेगा रालोद का बड़ा जनसमूह
—जयंत चौधरी की मौजूदगी में होगा जनपद स्तरीय सम्मेलन, सरकार की योजनाओं और विकास का संदेश जनता तक पहुंचाने की तैयारी, रालोद में शामिल हुए चेतन गुर्जर रिंकू का पार्टी कार्यालय पर जोरदार स्वागत
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोक दल की ओर से आगामी 20 सितंबर को पचेंडा रोड स्थित प्लेटिनम हॉल के मैदान में भव्य जनपद स्तरीय सामाजिक समरसता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर रालोद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों के सम्मेलन में पहुंचने का दावा किया जा रहा है। कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी प्रस्तावित है, जिसके चलते पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है।
रालोद कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन की तैयारियों का खाका
शुक्रवार को सरकुलर रोड स्थित रालोद कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 20 सितंबर के सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान सहित रालोद के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने पत्रकारों से बातचीत की। नेताओं ने कहा कि सम्मेलन को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी चल रही है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सामाजिक समरसता, भाईचारा और विकास होगा सम्मेलन का मुख्य संदेश
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि 20 सितंबर को होने वाला सम्मेलन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और विकास का संदेश मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर
अनिल कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की एनडीए सरकार की ओर से जनता के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए आम जनता को योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान योजनाओं के साथ-साथ भविष्य में शुरू होने वाली योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी भी सीधे जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए।।उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता सम्मेलन इस दिशा में एक बड़ा मंच साबित होगा, जहां सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
विपक्ष पर बरसे अनिल कुमार, राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे तलाशने का लगाया आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एनडीए सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार नए-नए मुद्दे तलाश रहा है। उनके मुताबिक सरकार का ध्यान विकास, जनकल्याण और आम जनता के जीवन को बेहतर बनाने पर केंद्रित है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए अलग-अलग मुद्दों को तूल देने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझने के बजाय विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है तथा जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देना जरूरी है।
सहारनपुर मस्जिद प्रकरण और पोस्टर विवाद का भी उठाया मुद्दा
अनिल कुमार ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कभी सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण को राजनीतिक मुद्दा बनाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है तो कभी पोस्टर और अन्य मुद्दों के जरिए सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ऐसी राजनीति में उलझने के बजाय विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
संविधान के मुद्दे पर भी विपक्ष को जवाब
संविधान को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि विपक्ष बार-बार यह आरोप लगाता है कि एनडीए सरकार संविधान बदलने का प्रयास कर रही है, जबकि सरकार संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने लंबे संघर्ष के बाद वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज को मजबूती दी। एनडीए सरकार भी जनता के हितों और बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।
जयंत चौधरी के समक्ष रालोद में शामिल हुए चेतन गुर्जर रिंकू
इसी बीच रालोद के संगठन को एक और मजबूती मिली। जयंत चौधरी के समक्ष राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण करने के बाद चेतन गुर्जर रिंकू का शुक्रवार को मुजफ्फरनगर स्थित रालोद पार्टी कार्यालय पर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन में नई जिम्मेदारी और सक्रिय भूमिका की उम्मीद जताई।
पार्टी कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
चेतन गुर्जर रिंकू के स्वागत के दौरान पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार, रालोद के हस्तिनापुर क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, सहारनपुर मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष संजय राठी और प्रदेश महासचिव रामनिवास पाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत-अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ेगी।
20 सितंबर के सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
20 सितंबर के सम्मेलन को लेकर रालोद कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों को सम्मेलन में शामिल कराने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि प्लेटिनम हॉल मैदान में होने वाले आयोजन को व्यापक जनभागीदारी वाला सम्मेलन बनाया जाए।
रालोद के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस और पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान, विधायक राजपाल बालियान, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाध्यक्ष संजय राठी, प्रदेश महासचिव रामनिवास पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व मंत्री योगराज, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, तरसपाल मलिक, रालोद के वरिष्ठ नेता अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रालोद नेताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। पार्टी का कहना है कि 20 सितंबर का सामाजिक समरसता सम्मेलन सामाजिक भाईचारे, विकास और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।


—जयंत चौधरी की मौजूदगी में होगा जनपद स्तरीय सम्मेलन, सरकार की योजनाओं और विकास का संदेश जनता तक पहुंचाने की तैयारी, रालोद में शामिल हुए चेतन गुर्जर रिंकू का पार्टी कार्यालय पर जोरदार स्वागत