मुजफ्फरनगर । अंतर्आत्मा की आवाज पर वोट डालने की बात करते हुए भी भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने इशारा कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल की सरकार के सामने तो भारतीय किसान यूनियन ने ही विपक्ष की भूमिका निभाई है। आप लोगों को संगठन का ध्यान रखते हुए आगे बढ़ना है आप लोगों के बीच में विरोधी भी हैं आस्तीन के सांप भी हैं, पथरीला एवं कंटीला रास्ता है ऐसे लोगों से बड़ी सावधानी से बचते हुए और ऐसे रास्तों पर बड़े ध्यान से आगे बढ़ना है। आप लोगों को वर्तमान सरकार का विरोधी कहा जा सकता है लेकिन गद्दार नहीं कहा जा सकता। आप लोगों को किसी राजनीतिक नेता के जाल में नहीं फंसना है और बहुत ध्यान के साथ इस कठिन समय से निकालना है। अगर इस संगठन पर शासन या प्रशासन हावी हो गया तो आप लोगों को बहुत बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। आप लोग संघर्षशील व्यक्ति हैं। अपने ना कभी जाति देखी ना कभी मजहब और ना ही पार्टी, जब भी जरूरत आन पड़ी आप लोगों ने संघर्ष किया है। चौधरी टिकैत ने वर्तमान सरकार के साथी बड़े-बड़े व्यापारियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके पास इतना पैसा है कि यह आपकी जमीन खरीद कर आपको ही मजदूरी करने पर बाध्य कर देंगे और आप अपने पशुओं के घास के लिए भी तरसेगे।
पंचायत में गठवाड़ा खाप के चौधरी बाबा श्याम सिंह, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा, शामली जिला अध्यक्ष कालेंदर मलिक, सहारनपुर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ,धीरज लाटियान, प्रोफेसर मदनपाल यादव, राजेंद्र सिंह गाजियाबाद एवं किसान चिंतक कमल मित्तल उपस्थित रहे।
पंचायत की अध्यक्षता बाबा ब्रहमनाथ और संचालन मास्टर ओमपाल सिंह मलिक ने किया।


